विद्यालयों और वीएचएनडी निरीक्षण की समीक्षा में जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, दोबारा निरीक्षण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विद्यालयों और वीएचएनडी निरीक्षण की समीक्षा में जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, दोबारा निरीक्षण के दिए निर्देश


देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में विद्यालयों और ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों के निरीक्षण की समीक्षा बैठक की । उन्होंने निरीक्षण के लिए भेजे गए अधिकारियों से चेकलिस्ट के आधार पर किए गए निरीक्षण का फीडबैक लिया। विद्यालयों की निरीक्षण रिपोर्ट संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को दोबारा निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अगले दिन पुनः विद्यालयों और वीएचएनडी सत्रों का चेकलिस्ट के अनुसार भौतिक निरीक्षण करें तथा वास्तविक स्थिति पर आधारित रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक बिंदु का गंभीरता से सत्यापन किया जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसका समयबद्ध ढंग से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसी प्रकार वीएचएनडी सत्रों के दौरान सामने आने वाली कमियों को भी दूर करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग तथा बाल विकास परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए विद्यालयों और वीएचएनडी सत्रों की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story