देवरिया में आईजीआरएस प्रकरणों में लापरवाही पर दो अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि, तीन को कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही एवं त्रुटिपूर्ण आख्या लगाए जाने को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को दो अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि तथा तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों का वास्तविक, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप आख्या दर्ज करना अनिवार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही अथवा त्रुटिपूर्ण निस्तारण के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित अधिकारी की होगी। जिला प्रशासन ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आईजीआरएस फीडबैक एवं आख्या की समीक्षा में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.वी. यादव तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गौरीबाजार का निस्तारण संतोषजनक न पाए जाने पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं अधीक्षण अभियंता विद्युत, चकबंदी अधिकारी द्वितीय राम अवध यादव तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

