तहसील बरहज में कार्य बहिष्कार के मुद्दे पर अधिवक्ताओं व मुख्य विकास अधिकारी में हुई चर्चा, ज्ञापन भी दिया

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की तहसील बरहज में अधिवक्ता विजेंद्र सिंह की मृत्यु के बाद 6 अप्रैल से चल रहे कार्य बहिष्कार के बीच शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और बार एसोसिएशन बरहज के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई।

बैठक में बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने अपना मांग पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें प्रमुख रूप से प्राथमिकी के आधार पर आरोपिताें की शीघ्र गिरफ्तारी, घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने तथा पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा पीड़ित परिवार को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, परिवार को स्थायी सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा संघ के अध्यक्ष को तत्काल दो सुरक्षाकर्मी दिए जाने की मांग भी उठाई गई।

अधिवक्ताओं ने राजस्व विभाग के संबंधित कर्मियों हल्का लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और सचिव को निलंबित करने की भी मांग रखी। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार उचित माध्यम से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिवक्ताओं से वादकारियों के हित को ध्यान में रखते हुए कार्य बहिष्कार समाप्त करने की अपील भी की। हालांकि अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story