तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदलीं, टेंट के पाइप में उतरे करंट से किशोरी की मौत
देवरिया, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में जिस घर में तिलक समारोह की तैयारियां चल रही थीं, महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं और परिजन खुशियों में सराबोर थे, वहीं एक दर्दनाक हादसे ने पल भर में सारी खुशियां छीन लीं। टेंट के पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे समारोह का माहौल मंगलवार को मातम में बदल गया।
थानेदार दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका मौनी पांडेय (15) पुत्री स्वर्गीय कृष्ण मोहन पांडेय निवासी मधवापुर, सलेमपुर थी। मौनी तिलक राजेश पांडेय के घर आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आई थी। घर में मेहमानों की चहल-पहल थी और महिलाएं पारंपरिक मंगल गीत गा रही थीं। इसी बीच टेंट के लोहे के पाइप में अचानक करंट उतर आया। उन्होंने बताया कि जैसे ही मौनी पाइप के संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मां संध्या देवी, भाई हिमांशु और बहन खुशी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले खुशी के गीत गूंज रहे थे, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। किशोरी की असमय मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

