देवरिया में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग


देवरिया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडिया ब्लॉक के सांसदों काे हिरासत के विरोध में काला दिवस मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल ‘रोशन’ के नेतृत्व में सुभाष चौक पर धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सात अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि मतदाताओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है।

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, राघवेंद्र सिंह राकेश, धर्मेंद्र सिंह, रामजी गिरि, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, जयदीप त्रिपाठी, मुकुंद भाष्कर मणि त्रिपाठी, डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, अरविंद शाही, भरत मणि त्रिपाठी, नागेंद्र शुक्ल, आनंददेव गिरि, अब्दुल जब्बार, जुलेखा खातून, रामआशीष साहनी, गोविंद मिश्र, हर्षित सिंह, सत्यम पांडेय, रत्नेश मल्ल और चंदन वर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story