देवरिया में भाजपा का संगठन मजबूती पर जोर, प्रशिक्षण वर्ग में संगठन से लेकर एआई तक सात सत्रों में मिला प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में भाजपा का संगठन मजबूती पर जोर, प्रशिक्षण वर्ग में संगठन से लेकर एआई तक सात सत्रों में मिला प्रशिक्षण


देवरिया में भाजपा का संगठन मजबूती पर जोर, प्रशिक्षण वर्ग में संगठन से लेकर एआई तक सात सत्रों में मिला प्रशिक्षण


देवरिया, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण महाअभियान वर्ग के पहले दिन शुक्रवार को संगठन विस्तार, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, बूथ सशक्तिकरण, पार्टी का इतिहास, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा संगठन की कार्यपद्धति जैसे विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ पूर्व सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने प्रदर्शनी का फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। वर्ग गीत और वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

पहले सत्र में डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन विषय पर कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत समर्पित कार्यकर्ता होता है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अनुशासित चुनाव प्रबंधन पर बल दिया। दूसरे सत्र में जिला प्रभारी संतराज यादव ने भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रवाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से चर्चा की।

तीसरे सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता ने बूथ प्रबंधन तथा 'मन की बात' कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बताई। चौथे सत्र में विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भाजपा के इतिहास, संघर्ष और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा का अध्ययन करने का आह्वान किया।

पांचवें सत्र में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने देश के समक्ष चुनौतियों और सकारात्मक राष्ट्रीय नैरेटिव पर अपने विचार रखे। छठे सत्र में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवीन पांडे 'बच्चा' ने सोशल मीडिया, मीडिया प्रबंधन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। अंतिम सत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, समयबद्धता और टीम भावना पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

प्रथम दिवस का समापन सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील सनेही के संयोजन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रात्रि वंदना के साथ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में सदर सांसद शशांक मणि, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जिले भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story