देवरिया में नियमों की अनदेखी कर चल रहे स्कूलों को नोटिस
देवरिया, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। देसही देवरिया ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) गोपाल मिश्र द्वारा तीन विद्यालयाें के किए गए निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन्हें नाेटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान शशि चंद्र प्राथमिक विद्यालय, बैजनाथपुर में पाया गया कि विद्यालय को केवल कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन वहां कक्षा 8 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी। साथ ही विद्यालय स्वीकृत स्थान के बजाय किसी अन्य स्थान से संचालित किया जा रहा था। इस पर विभाग ने विद्यालय को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं एसएमआर पब्लिक स्कूल, आनंदनगर (बरवांमीर) कक्षा 1 से 8 तक पूरी तरह बिना मान्यता के संचालित पाया गया। इस पर विभाग ने जुर्माना लगाया। इसके अलावा एमआर इंडियन पब्लिक स्कूल भी बिना मान्यता के कक्षा 1 से 5 तक संचालित होता पाया गया, जिस पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र ने स्पष्ट किया कि बिना मान्यता विद्यालय संचालित करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है और ऐसे संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का दाखिला केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं, ताकि उनके भविष्य से कोई समझौता न हो।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

