देवरिया में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


देवरिया, 19 अप्रैल (हि.स.)। अग्निशमन तथा आपात सेवा जनपद-देवरिया द्वारा 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत स्कॉलर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल राघवनगर, बीएन पब्लिक स्कूल, केडी पब्लिक स्कूल उमनागर, सेंट जेवियर्स स्कूल गौरीबाजार, सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर, सेंट जेवियर्स स्कूल भाटपाररानी, एसबीटी पब्लिक स्कूल गौरीबाजार एवं आरएसएस अकैडमी सलेमपुर में “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ” विषय पर निबंध लेखन एवं चार्ट मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गैस सिलेंडर और शॉर्ट सर्किट से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आपातकालीन स्थिति में सतर्कता, धैर्य और सूझबूझ से कार्य करने के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। बच्चों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी विशाल यादव एवं उनकी टीम ने विद्यालयों में पहुंचकर छात्रों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी और उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया। कार्यक्रम के अंत में अग्निशमन विभाग एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story