देवरिया में शोरूम से बाइक चोरी का खुलासा, पांच मोटरसाइकिल समेत 5 चाेर गिरफ्तार
देवरिया, 10 जून (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में तरकुलवा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी की बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पांच नईमोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बुधवार काे पत्रकारों को बताया कि बीती रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिरवनिया धूस जंगल की ओर से आ रहे एक युवक को रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र निवासी विमल कुमार पाण्डेय (19) के रूप में हुई। उसके पास मिली बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर की जांच करने पर पता चला कि वह थाना तरकुलवा में दर्ज बाइक चोरी के मुकदमे से संबंधित है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में विमल ने बताया कि उसने अपने साथियों भोला, कृष्णानंद तिवारी, आकाश और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर 3-4 जून की रात तरकुलवा कस्बे स्थित गणेश ऑटो सेल्स के पीछे का ताला तोड़कर पांच नई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। चोरी के बाद सभी बाइकें सिरवनिया धूस जंगल में छिपा दी गई थीं और उन्हें बेचने की तैयारी चल रही थी।
विमल की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया तथा चोरी की शेष चार मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। उल्लेखनीय है कि गणेश ऑटो सेल्स के संचालक दीपक विश्वकर्मा ने 4 जून को शोरूम से मोटरसाइकिल और नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है, जबकि बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्रवाई में तरकुलवा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के द्वारा 10 हजार एपये का इनाम पुलिस कर्मियों को देने की घोषणा किया ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

