स्तरहीन मानसिकता के शिकार हैं सपाई : शशांक मणि

WhatsApp Channel Join Now
स्तरहीन मानसिकता के शिकार हैं सपाई : शशांक मणि


देवरिया, 10 मई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के खिलाफ अखिलेश यादव और उनके समर्थकाें की ओर से की जा रही अमर्यादित टिप्पणी इनकी स्तरहीन मानसिकता को दर्शा रही है।

यह बात सदर सांसद शशांक मणि ने पुरवा स्थित अपने कार्यालय पर एक पत्रकार वार्ता के दौरान रविवार को कही । सांसद ने कहा कि चार दशक से जनता के दिल में बैठने वाले, सात बार के लोकसभा के सांसद, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, सबसे बड़ी पार्टी और देश के सबसे बड़े प्रदेश के अध्यक्ष पर इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी अति निंदनीय है। आपको संस्कार की बातें बताना भी, पत्थर में सिर फोड़ने के बराबर है क्योंकि आपकी पार्टी के नेताओं ने पहली बार ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं किया है, इससे पहले भी आपके नेताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और माता कौशल्या पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया है ।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का ही अपमान नहीं किया है, बल्कि प्रदेश के सभी कुर्मी समाज को गाली दी है। प्रदेश की जनता आपके इस कुकृत्य के लिए कभी क्षमा नहीं करेगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रति जिस प्रकार से अमर्यादित और स्तरहीन भाषा का प्रयोग किया गया है। वह समाजवादी पार्टी की राजनीतिक विकृति और गिरते हुए संस्कारों का स्पष्ट परिचायक है। समाजवादी पार्टी के एक नेता ने संतों के खिलाफ अपमानजनक बातें की और सनातन धर्म पर जहरीली बयानबाजी की।

जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि एक पिछड़े समाज के नेता की बढ़ती लोकप्रियता समाजवादी पार्टी को पच नहीं रही है, इसलिए हताशा और निराशा में निजी टिप्पणी पर उतर आए हैं। सपा के लोगों द्वारा महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय बातें कहीं गईं। प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ ऐसी ओछी टिप्पणी की मैं घोर निंदा करता हूं, और हमारे कुर्मी समाज के भाई बहनों से अपील करता हूं कि समाजवादी पार्टी जो समाज विरोधी पार्टी हो चुकी है इसको जड़ से समाप्त करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story