मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री, गर्भगृह में पति को पहनाई फूलों की माला

WhatsApp Channel Join Now
मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री, गर्भगृह में पति को पहनाई फूलों की माला


मीरजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के दौरान गर्भगृह में उन्होंने अपने पति मनीष गुप्ता को फूलों की माला पहनाई। यह दृश्य वहां मौजूद श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।

दोपहर करीब 1:40 बजे मुख्यमंत्री त्रिशक्ति मार्ग से मंदिर के द्वार संख्या-1 पर पहुंचीं, जहां नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कुछ देर विश्राम के बाद मुख्यमंत्री अपने पति के साथ पूजन सामग्री लेकर गर्भगृह पहुंचीं और मां विंध्यवासिनी का चरण पूजन कर विधिवत आराधना की।

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में पति मनीष गुप्ता को फूलों की माला पहनाई और मां का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का अवलोकन किया।

मंदिर से बाहर निकलकर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने मां से प्रार्थना की कि देश और प्रदेश की जनता सदैव सुखी, समृद्ध और सुरक्षित रहे।

करीब 40 मिनट तक मंदिर परिसर में रहने के बाद मुख्यमंत्री अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने से कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही।

दिल्ली की मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल, मंत्री रविंद्र जायसवाल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, भूपत मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दर्शन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story