दिवंगत आरक्षी के परिजन को मिला एक करोड़ रुपये का चेक

WhatsApp Channel Join Now
दिवंगत आरक्षी के परिजन को मिला एक करोड़ रुपये का चेक


मीरजापुर, 13 मार्च (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शुक्रवार को दिवंगत आरक्षी रवि कुमार के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। यह धनराशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत बीमा दावे के रूप में दी गई।

बताया गया कि आरक्षी रवि कुमार का कुछ दिनों पूर्व असामयिक निधन हो गया था, जिससे उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस कठिन समय में पुलिस विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके आश्रित परिजन को हर संभव सहायता देने की पहल की। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने उनके आश्रित परिजन व नॉमिनी पत्नी को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।

पुलिस अधीक्षक ने परिजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि दिवंगत आरक्षी रवि कुमार ने अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन किया था, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की योजनाओं का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि उनके परिवार को कठिन समय में सहारा मिल सके। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे और दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story