पानी भरे गड्ढे में डूबकर दो मासूम बच्चों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानी भरे गड्ढे में डूबकर दो मासूम बच्चों की मौत


औरैया, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र स्थित देईपुर गांव में मंगलवार दोपहर खेत में पानी भरे गड्ढे में नहाते समय दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

देईपुर गांव में रहने वाला 10 वर्षीय आर्यन और सात वर्षीय कृष्णा मंगलवार दोपहर को खेतों की ओर गए थे। वहां पर पानी भरे गड्ढे में नहाने लगे। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों डूबने लगे। कुछ देर बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को हुई। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालकर आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र, थानाध्यक्ष गंगादास गौतम समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बिधूना एसडीएम कमल कुमार सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। दोनों बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर और अस्पताल में एकत्र हो गए। परिजन बच्चों का शव देखकर बेसुध हो गए। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story