प्रदेशभर में कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाएगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेशभर में कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाएगी भाजपा


लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 21 अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाएगी। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बुधवार को बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के सभी संगठनात्मक 98 जिलों में बाबू कल्याण सिंह सम्मान संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के तहत जिन जिलों में कल्याण सिंह की प्रतिमाएं हैं, वहां साफ-सफाई, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण किया जाएगा। अन्य स्थानों पर उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संगोष्ठियों का आयोजन होगा। पिछड़े वर्ग और उत्तर प्रदेश के हित में किए गए उनके ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा की जाएगी।

प्रकाश पाल ने आरोप लगाया है कि पिछड़ों के मसीहा और राम मंदिर आंदोलन के नायक रहे कल्याण सिंह बाबू जी के देहांत के उपरांत अखिलेश यादव या सपा का कोई भी नेता उनकी अंत्येष्टि या श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमेशा विरोधी दलों के नेताओं के सुख-दुख में शामिल होकर मानवीय संवेदना और राजनीतिक शिष्टाचार का परिचय दिया है, जबकि सपा केवल तुष्टीकरण की राजनीति करती है।

प्रकाश पाल ने कहा कि कल्याण सिंह राम भक्त थे। उन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाने से साफ मना कर दिया था। जबकि सपा सरकार के समय कारसेवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। कल्याण सिंह अपराधियों और माफियाओं के विरोधी थे। वहीं सपा ने अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया। भाजपा नेता ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर से लेकर बाबू कल्याण सिंह जैसे पिछड़े वर्ग के महापुरुषों का नाम बदलने और उनका अपमान करने का काम सपा ने किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story