लापता ई-रिक्शा चालक का खेत में पेड़ से लटका मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
लापता ई-रिक्शा चालक का खेत में पेड़ से लटका मिला शव


औरैया, 11 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदरपुर में मंगलवार दोपहर 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव उसके ही खेत में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। युवक सोमवार देर शाम घरेलू विवाद के बाद घर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चंदरपुर निवासी योगेश त्रिवेदी (30) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, सोमवार देर शाम घर में किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसके बाद योगेश अचानक घर से चला गया। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों व परिचितों से भी जानकारी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार दोपहर ग्रामीणों ने योगेश का शव उसके खेत में एक पेड़ से लटका देखा ताे इसकी जानकारी परिवार काे दी। घरवालाें की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।

योगेश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी पूजा देवी, मासूम पुत्री दृष्टि और एक दूधमुहे पुत्र को छोड़ गया है।

कोतवाल वीनेश जादौन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story