बंधी में मिला अधेड़ का शव, इलाके में सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
बंधी में मिला अधेड़ का शव, इलाके में सनसनी


मीरजापुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के परसिया मुड़पेली गांव निवासी एक अधेड़ का शव गुरुवार सुबह खभवा बंधी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

रामकिशोर (55) बुधवार शाम करीब पांच बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह गौरवा स्थित खभवा बंधी के किनारे ग्रामीणों को जूता दिखाई पड़ा, जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने तलाश की तो बंधी में रामकिशोर का शव मिला।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी छबीलीया समेत अन्य परिजन हैं। बताया गया कि तीन वर्ष पूर्व उनके इकलौते पुत्र की भी मौत हो चुकी है और वह परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story