गोरखपुर विश्वविद्यालय में पेड़ों की कटाई के खिलाफ विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर विश्वविद्यालय में पेड़ों की कटाई के खिलाफ विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा ज्ञापन


गोरखपुर विश्वविद्यालय में पेड़ों की कटाई के खिलाफ विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा ज्ञापन


गोरखपुर विश्वविद्यालय में पेड़ों की कटाई के खिलाफ विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा ज्ञापन


गोरखपुर, 15 मई (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में हरे पेड़ों की कटाई के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गोरखपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर उग्र प्रदर्शन कर कड़ा विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं वन विभाग की पर्यावरण के प्रति उदासीन और गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। अभाविप ने संपूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा तत्काल पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर कुलपति को पाँच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में स्थित लगभग 1192 हरे-भरे पेड़ों की कटाई का आदेश विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों में भारी रोष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय का शांत शैक्षणिक वातावरण, विशाल परिसर एवं हरियाली से परिपूर्ण प्राकृतिक सौंदर्य विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु सकारात्मक, स्वस्थ एवं प्रेरणादायी वातावरण प्रदान करता है। यही कारण है कि गोरखपुर विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल की बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान के रूप में भी स्थापित है। ऐसे में इतने बड़े स्तर पर पेड़ों की कटाई का निर्णय न केवल पर्यावरण संरक्षण की भावना के विपरीत है, बल्कि विश्वविद्यालय की प्राकृतिक पहचान एवं पारिस्थितिक संतुलन पर भी सीधा आघात है।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने कुलपति को सौंपे गए पाँच सूत्रीय ज्ञापन में मांग की कि पेड़ों की कटाई से संबंधित सभी आदेश, अनुमतियां एवं दस्तावेज तत्काल सार्वजनिक किए जाएं तथा पूरे प्रकरण की न्यायिक अथवा उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। परिषद ने नियमों के विरुद्ध आदेश जारी करने एवं पूरी प्रक्रिया संचालित करने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की भी मांग उठाई। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरणीय क्षति की भरपाई सुनिश्चित करने तथा भविष्य में बिना वैधानिक एवं पर्यावरणीय अनुमति के किसी भी पेड़ की कटाई पर पूर्णतः रोक लगाए जाने की मांग की गई।

प्रदर्शन करने वालों में अभाविप,गोरखपुर विश्वविद्यालय इकाई के मंत्री अरविंद मिश्रा , गोरक्ष प्रांत सह मंत्री निखिल गुप्ता, राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक धीरेंद्र, आकाश सिंह, अमरेंद्र पांडेय, विभाग संगठन मंत्री राजवर्धन,महानगर मंत्री अभिषेक मौर्या,प्रशांत, प्रीतेश राय, समीर, विपुल अनुराग, विनय चौरसिया व बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहें ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story