अनियंत्रित डीसीएम मड़हे में घुसी, बालक समेत महिला गंभीर
मीरजापुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चील्ह थाना क्षेत्र के मिश्रधाप गांव में मंगलवार रात अनियंत्रित डीसीएम टिनशेड के मड़हे में घुस गई। हादसे में मड़हे में सो रहे 14 वर्षीय अंश कुमार और 35 वर्षीय रीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को ट्रामा सेंटर मीरजापुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
डीसीएम गोपीगंज से मीरजापुर की ओर जा रही थी। रात करीब 12:30 बजे चील्ह-गोपीगंज मार्ग से करीब 50 मीटर दूर मड़हे में जा घुसी।
सूचना पर पहुंचे चेतगंज चौकी प्रभारी संजय सिंह ने ट्रैक्टर से डीसीएम को पीछे खिंचवाकर घायलों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

