खाद्य प्रसंस्करण नीति 2023 का लाभ उठाएं युवा, बने आर्थिक सशक्त : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य प्रसंस्करण नीति 2023 का लाभ उठाएं युवा, बने आर्थिक सशक्त : केशव प्रसाद मौर्य


खाद्य प्रसंस्करण नीति 2023 का लाभ उठाएं युवा, बने आर्थिक सशक्त : केशव प्रसाद मौर्य


उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वरिष्ठ सेवा सम्मान समारोह में की शिरकत, समाज के उत्थान एवं युवाओं के सशक्तिकरण का किया आह्वान

लखनऊ, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ के सहकारिता भवन में भारतीय तैलिक साहू राठौर युवा महासभा (उप्र) द्वारा आयोजित ‘वरिष्ठ सेवा सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक एकता, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसके संस्कार, संगठन, शिक्षा और सेवा भाव में निहित होती है, जिन समाजों में अपने वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान किया जाता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जाती है, वे समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहते हैं। भारतीय तैलिक साहू राठौर युवा महासभा समाज को संगठित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सामाजिक समरसता स्थापित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। ऐसे सामाजिक संगठन सरकार और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की भावना पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें, युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने इसके लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 'खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति 2023' के तहत, नई इकाइयां लगाने पर 35 फीसद तक पूंजी अनुदान (सब्सिडी) और बिना कोलटरल (गारंटी) के 05 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय तैलिक साहू राठौर युवा महासभा के पदाधिकारियों ने संगठन की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी। महासभा द्वारा समाज के प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति, मार्गदर्शन एवं शैक्षिक सहयोग प्रदान करने, युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित करने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नेतृत्व विकास तथा संगठन के विस्तार हेतु चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड रघुवर दास, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रमाशंकर साहू, पूर्व सांसद राम नरायन साहू, जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारीगण, अन्य गणमान्यजन एवं युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story