अखिलेश यादव के सभी एजेंडे चुनावी होते हैं : केशव प्रसाद मौर्य
वाराणसी, 16 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को वाराणसी दौरे पर हैं। उन्होंने वाराणसी में दुर्गाकुंड स्थित बनकटी हनुमान मंदिर में दिव्य दर्शन किए और पूजन आरती कर कुछ देर मंदिर में बैठकर साधना किया।इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव रामद्रोही हैंए शिवद्रोही हैं। उनके सभी एजेंडें चुनावी होते हैं। जनता सब समझ रही है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने कहा कि संकटमोचन प्रभु श्री हनुमान जी के श्रीचरणों में समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं। मैं वर्तमान समय में बदला हुआ काशी देख रहा हूं। कांग्रेस, सपा, बसपा की सरकारों में जो काशी दिखती थी और अब जो भाजपा की सरकार में काशी दिख रही है, पूरी तरह से बदल चुकी हैं।
पत्रकारों से मुखातिब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव रामद्रोही, शिवद्रोही हैं और उनके सभी एजेंडे चुनावी होते हैं। उनकी बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता भी नहीं है। जनता जानती है कि राम मंदिर के लिए संघर्ष किसने किया है। वक्त आने पर अखिलेश यादव को जनता जवाब दे देगी। इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

