मौसम खराब होने से सड़क मार्ग से गाजीपुर रवाना हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
मौसम खराब होने से सड़क मार्ग से गाजीपुर रवाना हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक


—एयरपोर्ट पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

वाराणसी, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को दिल्ली से वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा के एयरपोर्ट प्रोटोकॉल प्रभारी एवं भाजपा किसान मोर्चा, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष शैलेश पांडेय समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।

उपमुख्यमंत्री को गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना है। मौसम खराब होने के कारण उनका हवाई मार्ग से आगे का सफर प्रभावित हुआ। मौसम अनुकूल न होने पर वह सड़क मार्ग से गाजीपुर के लिए रवाना हो गए। गाजीपुर दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री शहर के लंका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य महाकैंप का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा लेंगे।

26 से 28 सितंबर तक आयोजित होने वाले स्वास्थ्य महाकैंप में एम्स दिल्ली, अपोलो, जसलोक मुंबई और बीएचयू के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को निशुल्क परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इस महाकैंप के दौरान करीब 15 हजार मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story