(अपडेट) मास्क लगाकर चिनहट सीएचसी पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, गंदगी देख भड़के

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मास्क लगाकर चिनहट सीएचसी पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, गंदगी देख भड़के


- उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने नोटिस व सफाई एजेंसी का एक हफ्ते का भुगतान काटने के दिए निर्देश

लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को मास्क लगाकर लखनऊ के चिनहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। सफाई व्यवस्था, वार्डों की बदहाली और लापरवाही पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भड़क उठे। निरीक्षण के दौरान जनरल वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं मिलीं और अस्पताल परिसर में गंदगी देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उपमुख्यमंत्री ने जिम्मेदारों को नोटिस देने और सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, तब तक संबंधित अधिकारी घर नहीं जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज अचानक चिनहट सीएचसी पहुंच गए। मुंह पर मास्क लगाकर सबसे पहले पर्चा काउंटर पर मरीजों के बीच जाकर कतार में खड़े हो गए। इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह पैथोलॉजी विभाग पहुंचे, जहां मरीजों की लंबी कतार लगी थी। उन्होंने टेक्नीशियन से पूछा कि एक मरीज का रक्त नमूना लेने में कितना समय लगता है ? जवाब मिलने के बाद उन्होंने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल-गर्दा दिखाई दिया। इस पर उन्होंने तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां रखी अलमारी खोलकर स्टॉक भी जांचा। इसके बाद वह ओपीडी कक्ष नंबर पांच में पहुंचे और डॉक्टर से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली।

उपमुख्यमंत्री जब जनरल वार्ड नंबर 28 पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर नाराज हो गए। वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं बिछी थीं। साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की स्थिति भी देखी, जो संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। हालांकि फायर एस्टिंग्यूसर सिलेंडर की एक्सपायरी डेट जांचने पर वह सही पाई गई।

उपमुख्यमंत्री जिस समय सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे उस समय केंद्र के सभागार में आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आशाओं ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि उनके मोबाइल फोन खराब हैं। इससे काम में दिक्कत हो रही है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने तुरंत सीएमओ डॉ. एनबी सिंह को फोन लगाकर मोबाइल ठीक कराने या बदलने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का बकाया भुगतान भी तत्काल कराने को कहा। उन्हाेंने सीएमओ को तत्काल सीएचसी पहुंचकर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। पानी की पाइप को जाली से बांधकर रखा गया था और आसपास गंदगी थी। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने तक वे अस्पताल परिसर से नहीं जाएं। दवाओं के काउंटर पर कतार लंबी लगी थी। सीएचसी अधीक्षक को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पांच मिनट के भीतर मरीजों को दवा मिल जानी चाहिए।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story