सील अस्पतालों को नए नाम से चलाने और अवैध वसूली के मामले में सख्त हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एक सप्ताह में मांगी जांच रिपोर्ट
लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उन वीडियो और खबरों का गंभीरता से संज्ञान लिया है जिनमें लखनऊ, कानपुर और उन्नाव में पूर्व में सील किए गए अस्पतालों को नए नाम से संचालित किए जाने और मरीजों से अवैध वसूली किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य महानिदेशालय स्तर से तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जांच आख्या के साथ-साथ दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई का प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनमानस के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने तथा विभाग एवं सरकार की छवि धूमिल करने वाले मानकविहीन और सील किए गए चिकित्सालयों का अवैधानिक संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सील अस्पतालों को नए नाम से संचालित करने, मरीजों से अवैध वसूली करने तथा इस पूरे प्रकरण में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मरीजों का शोषण करने और कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
--------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

