सहजनवा डांडिया उत्सव में अमित जाधव के गीतों पर जमकर थिरके लोग

WhatsApp Channel Join Now
सहजनवा डांडिया उत्सव में अमित जाधव के गीतों पर जमकर थिरके लोग








गोरखपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाैरखपुर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सहजनवा में आयोजित भव्य सहजनवा डांडिया उत्सव संगीत, नृत्य, उमंग और उत्साह के रंगों से सराबोर रहा। रंग-बिरंगी रोशनी, मधुर संगीत और डांडिया-गरबा की आकर्षक धुनों के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोगों ने जमकर आनंद उठाया। गायक अमित जाधव ने अपनी दमदार आवाज और शानदार अंदाज से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते और थिरकते रहे। गायिका मानसी चतुर्वेदी की सुरीली प्रस्तुतियों ने भी श्रोताओं का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज और दर्शकों का उत्साह आयोजन की भव्यता को दर्शाता रहा।

कार्यक्रम में लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों से लेकर देशभक्ति और पारंपरिक धुनों तक का शानदार संगम देखने को मिला। अमित जाधव ने एक के बाद एक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी गायकी और मंच पर ऊर्जावान प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। डांडिया और गरबा की धुनों पर युवाओं के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सहजनवां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस भव्य डांडिया उत्सव के आयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश पाण्डेय रहे। कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन ज्योति सिंह ने किया। सुव्यवस्थित आयोजन, शानदार मंचीय प्रस्तुतियों और दर्शकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। नवरात्र के अवसर पर सोमवार की रात आयोजित इस उत्सव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोरखपुर युधिष्ठिर सिंह, पूर्व विधायक एवं राज्यमंत्री जीएम सिंह, सुरेन्द्र सिंह, देवानंद शुक्ला, राणा प्रताप पाठक, संजय पाण्डेय, अजय पाण्डेय, राम प्रवेश मिश्रा, परमात्मा धर द्विवेदी, विनोद पाण्डेय, संजय शुक्ला और मुरारी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763988 Articles

Share this story