दालमंडी ध्वस्तीकरण अभियान के बीच पूर्व प्रत्याशी कामेश्वर दीक्षित दुकानदारों से मिले
वाराणसी, 21 फरवरी(हि. स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं वाराणसी दक्षिणी विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी कामेश्वर दीक्षित उर्फ किशन ने दालमंडी ध्वस्तीकरण अभियान के बीच शनिवार को दुकानदारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों का हाल जाना और तमाम जानकारी एकत्रित की। कामेश्वर दीक्षित ने दुकानदारों से कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव आपके सुख दुख में आपके साथ खड़े हैं। किसी भी परिस्थिति में हम समाजवादी आपके साथ डटे रहेंगे।
इस दौरान दालमंडी के दुकानदारों ने सपा नेता कामेश्वर से कहा कि बर्बरता के साथ जिला प्रशासन बुलडोजर चला रहा है। यहां के स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आकर कोई हाल-चाल नहीं पूछा है। हम यहां दुकान छोड़कर जाएंगे तो हमारे ग्राहक यहीं छूट जाएंगे। प्रशासन जहां दुकान दे रहा है, वहां हमारे ग्राहक नहीं पहुंच पाएंगे। दुकानदार और मकान मालिक का प्रकरण जहां कोर्ट में है, वहां भी मुआवजा देकर बुलडोजर कार्रवाई कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

