वाराणसी में दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया भूमिपूजन


वाराणसी में दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया भूमिपूजन


-अगले तीन महीने में नई सड़क तैयार करने का लक्ष्य, 187 भवनों का ध्वस्तीकरण पूरा

वाराणसी, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में बहुप्रतीक्षित दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया गया। शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चौक छोर पर विधिवत पूजन-अर्चन कर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौजूद रहे।

भूमिपूजन के बाद विधायक ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। परियोजना को अगले तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण के लिए चिह्नित सभी 187 भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। फिलहाल मलबा हटाने और सड़क निर्माण के लिए भूमि को तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है।

भवनों के ध्वस्तीकरण के बाद सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो गई है। परियोजना के तहत दालमंडी मार्ग को करीब 60 फीट चौड़ा किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर पाथवे बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं और राहगीरों के बैठने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। परियोजना के तहत दालमंडी मार्ग के दोनों ओर स्थित भवनों को एक रंग-रूप में विकसित किया जाएगा। मार्ग पर हरियाली के साथ भगवान शिव की थीम आधारित सजावट भी की जाएगी। इससे दालमंडी को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाने की तैयारी है।

करीब 650 मीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ीकरण परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 221 करोड़ रुपये है। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 22 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया गया था। दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण की प्रक्रिया की शुरुआत पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को धनतेरस के दिन पहले भवन की रजिस्ट्री के साथ हुई थी। इसके बाद भवनों की रजिस्ट्री, मुआवजा वितरण और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई क्रमवार आगे बढ़ी। अब भूमिपूजन के साथ सड़क निर्माण का चरण शुरू हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story