मीरजापुर : कार की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : कार की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम


- चील्ह के सागरपुर के पास हादसा, आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर पीटा

मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के मीरजापुर-औराई मार्ग पर सागरपुर गांव के पास गुरुवार सुबह कार की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने कार चालक को पकड़कर पिटाई भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

जानकारी के अनुसार सागरपुर निवासी झल्लू यादव उर्फ लाल बहादुर यादव (80) पुत्र स्वर्गीय राम अचल यादव गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे साइकिल से मीरजापुर की ओर जा रहे थे। गांव के पास पीछे से औराई की तरफ से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वृद्ध की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर आवागमन रोक दिया। इस दौरान चालक की पिटाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर चील्ह पुलिस पहुंची और किसी तरह चालक को भीड़ से बचाकर थाने ले गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।

पुलिस ने मृतक के पुत्र सुरेश की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार कार और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story