साइबर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई हो सुनिश्चित : मुख्य सचिव
लखनऊ, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार काे एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश साइबर पुलिस की कार्यप्रणाली की बारीकियों का गहन संज्ञान लेते हुए प्रधानमंत्री की “प्रगति” समीक्षा के अंतर्गत साइबर अपराध से संबंधित कई बिंदुओं पर उत्तर प्रदेश की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साइबर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए तथा ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जाए।
बैठक में आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। साइबर जागरूकता के संबंध में मुख्य सचिव ने साइबर अपराध मुख्यालय के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभागों को साइबर अपराध मुख्यालय से समन्वय स्थापित करते हुए जागरूकता में अपनी भूमिका निभाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागों को इस आशय का पत्र निर्गत किया जाए। हर विभाग इस हेतु एक नोडल अधिकारी नामित करें, जो साइबर अपराध मुख्यालय के संपर्क में रहे और साइबर अपराध मुख्यालय से प्राप्त जागरूकता सामग्री को अपने-अपने विभाग में जमीनी स्तर तक अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश राज्य साइबर समन्वय केंद्र (UPS4C) की अधिसूचना शीघ्र निर्गत करायी जाए। ई-जीरो एफ.आई.आर. तंत्र को शीघ्र क्रियाशील किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साइबर हेल्पलाइन और शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
यूपी में राज्य साइबर समन्वय केंद्र की होगी स्थापना
समीक्षा के दौरान पुलिस महानिदेशक (साइबर अपराध) बी के सिंह ने बताया कि राज्य साइबर समन्वय केंद्र की अधिसूचना — साइबर अपराध से संबंधित समस्त इकाइयों के समन्वय हेतु राज्य स्तर पर “उत्तर प्रदेश राज्य साइबर समन्वय केंद्र (UPS4C)” की स्थापना प्रस्तावित है।
ई-जीरो FIR तंत्र — साइबर अपराध की त्वरित एवं स्थान-निरपेक्ष FIR पंजीकरण हेतु ई-जीरो FIR तंत्र विकसित किया जा रहा है। यह तंत्र अपने अंतिम चरण में है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

