नकदी व आभूषण का बैग पाकर पीड़िताें के चेहरे पर आई खुशी, पुलिस की सराहना
फिरोजाबाद, 19 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद के दो थानों की पुलिस ने बृहस्पतिवार को ठगी का शिकार एक पीड़ित को उसके हजारों रुपये व दूसरे पीड़ित को उसका शैक्षिक प्रमाण पत्रों, नकदी व आभूषण का खोया हुआ बैग वापस दिलाया है। नकदी व बैग पाकर पीड़ितों के चेहरे पर मुस्कान आई है। उन्होंने पुलिस के कार्य सराहना की है।
थाना उत्तर क्षेत्र के नगला करन सिंह निवासी विनोद कुमार राठौर पुत्र यादराम राठौर ने अपने साथ हुए 27999 रूपये के साइबर फ्राड के सम्बन्ध में भारत सरकार द्वारा संचालित एन.सी.आर.पी. पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी थी। पीड़ित का कहना था कि एपीके फाइल के जरिये अज्ञात साइबर ठगों ने उसके साथ 27999 रूपये की ठगी कर ली है। घटना का सज्ञांन लेते हुए साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सम्बन्धित बैंक व नोडल एजेंसी से पत्राचार करते हुए पीड़ित के 27999 रूपये सकुशल वापस कराये है। जिससे पीड़ित ने राहत की सांस ली है।
वहीं दूसरी घटना में मध्य प्रदेश के गुना जिले के करनेलगंज निवासी अनिल कुमार पाठक पुत्र रामेश्वरदयाल पाठक ने थाना टूंडला पर शिकायत दी कि उसका एक बैग अज्ञात ऑटो में गुम हो गया है। जिसमें उसके शैक्षणिक कागजात, 1100 रूपये, 2 सोने की अंगूठी, 02 आर्टिफिशियल अंगूठी व अन्य सामान है।
थाना प्रभारी टूण्डला अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। पुलिस टीम ने ऑटो को तस्दीक किया और फिर पीड़ित का खोया हुआ बैग मय सभी सामान के बरामद कर उसके सुपुर्द किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

