फर्रुखाबाद: साइकिल से गंगा स्नान करने जा रहे किसान की बिजली करंट से मौत
फर्रुखाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह गंगा स्नान करने साइकिल से जा रहे किसान पर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, माधवपुर गंगा दरवाजा निवासी किसान अवधेश (५०) पुत्र जगदीश सिंह शनिवार सुबह साइकिल से रोजाना की तरह गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। हल्की बारिश हो रही थी और उन्होंने साइकिल पर छाता लगा रखा था। घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन टूटी पड़ी थी। इसी दौरान वह विद्युत तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना मिलने पर परिजन निजी वाहन से उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बेहाल है।
मृतक अवधेश खेती-किसानी का काम करते थे। वह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी सुशीला देवी चार बच्चे भूपेंद्र, सुकेन्द्र, रीना और सुरीना हैं और चारों बच्चों की शादी हो चुकी है। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।
दो युवकों को भी लगा करंट
ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार सुबह इसी विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंगा दरवाजा निवासी शिवम और सुरजीत को भी करंट लगा। दोनों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया गया कि रात में बारिश के दौरान बिजली का तार टूटकर गिर गया था। अगर समय रहते टूटी लाइन को दुरुस्त करा दिया जाता तो सुबह यह दर्दनाक हादसा नहीं होता।
अधीक्षण अभियंता यादवेंद्र सिंह ने बताया रात के समय विद्युत लाइन का तार टूट गया था। आपूर्ति भी बाधित कर दी गई थी। बाद में कुछ लोगों ने आकर आपूर्ति जबरदस्ती चालू कराई। मामले की जांच कराई जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

