विधान भवन पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में हेलीकाॅप्टर से होगी पुष्पवर्षा, मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
विधान भवन पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में हेलीकाॅप्टर से होगी पुष्पवर्षा, मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक


लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन गरिमामय, भव्य तथा राष्ट्रभक्ति की भावना से परिपूर्ण वातावरण में किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आजादी के अमृत महोत्सव तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, ताकि नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को विधान भवन के समक्ष मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे तथा प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए तथा दूरदर्शन, लखनऊ द्वारा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया जाए। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर प्रदेश की विगत नौ वर्षों की विकास उपलब्धियों, स्वतंत्रता संग्राम तथा वीरता गाथाओं पर आधारित फोटोग्राफी प्रदर्शनी सूचना विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से आयोजित की जाए। साथ ही सूचना विभाग द्वारा विकसित प्रदेश, विकसित नगर एवं विकसित गांव की ओर अग्रसर उत्तर प्रदेश विषय पर प्रदर्शनी लगाई जाए। इसके अतिरिक्त आजादी का अमृत महोत्सव, भारत का ग्रोथ इंजन उत्तर प्रदेश, माटी को नमन, वीरों का वंदन जैसी थीम पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएं।

उन्होंने विधान भवन परिसर के आंतरिक एवं बाह्य क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथों की मरम्मत, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक सौंदर्यीकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने विधान भवन के समक्ष स्थापित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह एवं स्वर्गीय गोविंद बल्लभ पंत सहित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं, लॉन एवं उद्यानों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आमंत्रण पत्रों का समय से वितरण तथा आमंत्रित अतिथियों के लिए सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण को आयोजन स्थल पर आवश्यकतानुसार आकर्षक गमलों की व्यवस्था करने तथा मुख्यमंत्री आवास से विधान सभा तक पुष्प सज्जा एवं स्वतंत्रता दिवस तथा राष्ट्रप्रेम की भावना पर आधारित पुष्प आकृतियां विकसित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार की सजावट शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी, लखनऊ को नागरिक उड्डयन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान, मण्डलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी0 सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story