विंध्यधाम में उमड़ी आस्था की भीड़, दर्शन को घंटों कतार में खड़े रहे श्रद्धालु
मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में मां विंध्यवासिनी धाम में सोमवार को मुण्डन व यज्ञोपवीत संस्कार के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लंबी कतारें लग गईं, जिससे दर्शन-पूजन के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
श्रद्धालुओं के अनुसार, लंबी प्रतीक्षा के बाद जब वे गर्भगृह के पास पहुंचे तो अंदर पहले से मौजूद पंडों की अधिक संख्या के कारण उन्हें व्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन का अवसर नहीं मिल सका। इसको लेकर कुछ श्रद्धालुओं में असंतोष भी देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि इन दिनों विंध्यधाम में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया है। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

