समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अफसरों ने कहा- कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखे समाधान

WhatsApp Channel Join Now
समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अफसरों ने कहा- कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखे समाधान


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। शासन के निर्देश पर सोमवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील लालगंज में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जबकि तहसील सदर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अधिकारियों के साथ शिकायतों का निस्तारण कराया।

तहसील लालगंज में मंडलायुक्त के समक्ष कुल 57 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश के साथ भेजा गया। मंडलायुक्त ने कहा कि भूमि विवाद, चकरोड और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर करे, ताकि शिकायतों का वास्तविक समाधान हो।

तहसील सदर में जिलाधिकारी के समक्ष 200 शिकायतें आईं, जिनमें 23 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता न रहे, बल्कि पीड़ित को वास्तविक न्याय मिले। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीन संबंधी विवादों में लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच कराई जाए। गलत रिपोर्ट मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से बातचीत कर संतुष्टिपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित हुआ। तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह के समक्ष 103 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें दो का निस्तारण हुआ। वहीं तहसील मड़िहान में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) देवेंद्र प्रताप सिंह ने 75 शिकायतों में से 10 का मौके पर समाधान कराया। सभी तहसीलों में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story