बांस-बल्ली के सहारे 10 फीट के मगरमच्छ को किया काबू, अदवा बांध में छोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
बांस-बल्ली के सहारे 10 फीट के मगरमच्छ को किया काबू, अदवा बांध में छोड़ा


- गोर्गी गांव में घर के पीछे मगरमच्छ मिलने से मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से चलाया रेस्क्यू अभियान

मीरजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया वन रेंज के गोर्गी गांव में रविवार देर रात रिहायशी बस्ती में करीब 10 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव निवासी लल्लू मौर्य के घर के पीछे मगरमच्छ मिलने की सूचना पर सोमवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से बांस-बल्ली के सहारे मगरमच्छ को काबू में किया। इसके बाद उसे वाहन पर लादकर अदवा बांध के गहरे जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

रविवार देर रात लल्लू मौर्य के घर के पीछे विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। अचानक मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्राम प्रशासक रमेश मौर्य ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय के निर्देश पर वन दरोगा सिद्धार्थ मौर्य, नीतू शर्मा, वन्यजीव रक्षक अंकित सिंह तथा न्यूनतम वेतन कर्मी अनिल मौर्य और विनय पांडेय मौके पर पहुंचे।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को काबू करने का अभियान शुरू किया। बांस-बल्ली के सहारे मगरमच्छ को नियंत्रित कर वाहन पर लादा गया। इसके बाद उसे अदवा बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया। रिहायशी बस्ती से मगरमच्छ को सुरक्षित हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की।

वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि भोजन की तलाश में मगरमच्छ पानी से निकलकर रिहायशी बस्ती तक पहुंच गया होगा। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे गहरे जलाशय में छोड़ दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759562 Articles

Share this story