गन्ने के खेत में मिला 10 फीट का मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
गन्ने के खेत में मिला 10 फीट का मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत


मीरजापुर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र के हरदी गांव में रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब गन्ने के खेत में करीब 10 फीट लंबा मगरमच्छ टहलता नजर आया। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जैसे ही विशाल मगरमच्छ को देखा, दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए।

ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान कमलेश को सूचना दी। प्रधान ने वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय को फोन कर मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से रस्सी, बोरा और बांस की मदद से मगरमच्छ को काबू में किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर औरा बंधी के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि मगरमच्छ संभवतः जलाशय से भटककर खेतों की ओर आ गया था। अब उसे जलाशय में छोड़ दिया गया है। टीम में वार्डेन भास्कर पांडे, वन दरोगा सूरज पांडेय, आशीष चौबे, राजकुमार वर्मा और अंकुर शुक्ला सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story