मीरजापुर में कुएं में मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने जाल डालकर पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में कुएं में मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने जाल डालकर पकड़ा


मीरजापुर, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में शुक्रवार सुबह घर के पास स्थित कुएं में करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखने के बाद ग्रामीणों ने कुएं में जाल डालकर घंटों मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला और वन विभाग की टीम को सौंप दिया। वन विभाग की टीम मगरमच्छ को अपने साथ ले गई।

विशुनपुर गांव निवासी पप्पू पटेल के घर के पास स्थित कुएं में बारिश के कारण इन दिनों पानी भरा है। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग पानी लेने कुएं पर पहुंचे तो उसकी जगत पर मगरमच्छ बैठा दिखाई दिया। लोगों के शोर मचाने पर मगरमच्छ कुएं में कूद गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और वन विभाग को सूचना दी गई। ग्रामीणों के अनुसार सूचना देने के बावजूद वन विभाग के कर्मचारी तत्काल मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बाद ग्राम प्रशासक सूरज सोनकर की अगुवाई में ग्रामीणों ने कुएं में जाल डाला और कई घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को जाल में फंसाकर बाहर निकाला। बाद में वन विभाग की टीम को बुलाकर मगरमच्छ सौंप दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन पहले गांव से गुजरने वाली घाघर नहर के पास भी मगरमच्छ घूमता दिखाई दिया था। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी। आशंका है कि इसी दौरान मगरमच्छ बस्ती के पास स्थित कुएं में पहुंच गया। वन क्षेत्राधिकारी मड़िहान डीएस नेगी ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में नदी में छोड़ दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story