बस्ती में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
बस्ती में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत


- वन विभाग की टीम ने पकड़कर मेजा डैम के जलाशय में छोड़ा

मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के भटवारी गांव में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब सात बजे बस्ती के बीच टहलता हुआ एक मगरमच्छ दिखाई दिया। अचानक मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबक गए।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान राजेश मौर्य को दी। ग्राम प्रधान ने दूरभाष के माध्यम से वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

वन कर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में ग्रामीणों के सहयोग से रस्सी, बोरा और बांस की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से काबू में किया। इसके बाद पकड़े गए मगरमच्छ को मेजा डैम के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के सुरक्षित पकड़े जाने और बस्ती से हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि लगभग पांच फीट लंबे मगरमच्छ के सुसुआड़ नाले से भटककर बस्ती में आने की सूचना मिली थी। तत्काल टीम भेजकर उसे पकड़वाया गया और सुरक्षित रूप से मेजा डैम के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story