फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, हत्या का आरोप


फिरोजाबाद, 28 जून (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। दो माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जनपद मैनपुरी के थाना दन्नाहार के गांव जवापुर निवासी अमर सिंह ने अपनी पुत्री करिश्मा (20) की शादी दो माह पूर्व थाना जसराना के गांव पारौली निवासी करन पुत्र राकेश के साथ की थी। रविवार को करिश्मा का शव गेट पर फंदे से लटका मिला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मृतका का भाई अभिषेक भी परिजनों के साथ पहुंच गया। मृतका के भाई का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में एक मोटरसाइकिल और सोने की जंजीर की मांग कर रहे थे। भाई का आरोप है कि उसकी बहिन करिश्मा की दहेज की खातिर हत्या की गई है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।

इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी जसराना का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story