एक यमुना तो दूसरा नहर में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
एक यमुना तो दूसरा नहर में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी


फिरोजाबाद, 20 जनवरी (हि.स.)। जनपद में मंगलवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र अन्तर्गत दो युवकों के शव मिले हैं। एक शव यमुना घाट तो दूसरा शव नहर मिला है। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है और घटनाओं की जांच में जुट गई है।

थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत गदलपुरा यमुना घोड़ी घाट पर मंगलवार को एक युवक का शव मिला है। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान आगरा के कृष्णा विहार कॉलोनी, देवरी रोड निवासी राहुल वर्मा (20) पुत्र मुन्ना लाल के रूप में हुई है।

सूचना पर परिजन भी आ गए। परिजनों के अनुसार राहुल 14 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे अपने पड़ोसी जगवीर के साथ घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश शुरू करने पर जगवीर ने बताया कि रहनकला यमुना एक्सप्रेस-वे पर सेल्फी लेते समय राहुल यमुना नदी में गिर गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और तलाश शुरू कराई, लेकिन कई दिनों तक राहुल का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि घटना के सातवें दिन राहुल का शव नगला सिंघी क्षेत्र के गदलपुरा घोड़ी घाट पर पानी में उतराता मिला है।

वहीं दूसरी घटना में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में भोगनीपुर ब्रांच लोअर गंग नहर में एक युवक का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान स्वामी नगर निवासी रवि पुत्र महिपाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रवि सोमवार को किसी बात पर नाराज होकर घर से चला गया था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी थी लेकिन उसका शव मिला है। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story