ई-रिक्शा से बिहार ले जाई जा रही 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
देवरिया, 10 जुलाई (हि.स.)। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्रीरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ई-रिक्शा से 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब शुक्रवार को बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना श्रीरामपुर पुलिस शुक्रवार को संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बंकुल पुल के पास टोला अहिबरन राय के निकट एक ई-रिक्शा (बीआर 29 ईआर 5983) को रोक कर तलाशी ली।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से बिहार ले जाई जा रही 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में कुल 480 पाउच (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा 86.4 लीटर है। पुलिस ने मौके से बिहार निवासीसंदीप कुमार माझी को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित कीमत 62,400 रुपये तथा जब्त ई-रिक्शा की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में थाना श्रीरामपुर में मुकदमा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल अजय सिंह और कांस्टेबल रामनिवास सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

