सड़क हादसे में चाचा - भतीजी की मौत, बालिका सहित तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में चाचा - भतीजी की मौत, बालिका सहित तीन घायल


फिरोजाबाद, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार रात दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में चाचा और भतीजी की मौत हो गई जबकि एक बच्ची समेत तीन अन्य लोग घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया। जिन्हें पुलिस ने समझा कर शांत कराया।

थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत गांव पलिया कला मोड़ पर बृहस्पतिवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने - सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक व उसकी भतीजी की मौत हो गई, जबकि एक भतीजी घायल हो गई। वही दूसरी मोटरसाइकिल सवार दो लोग घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर आई है। मृतक की पहचान अंकित यादव और उनकी भतीजी अंशिका (7) निवासी गांव बहत के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अंकित की एक और भतीजी कोच्ची (5) व दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार मैनपुरी जनपद निवासी लवकुश और प्रेम सिंह है। इधर गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। जिन्हें पुलिस ने समझबुझाकर शांत किया।

इंस्पेक्टर जसराना राजेश पाण्डेय ने बताया कि परिजन अस्पताल में इलाज आदि की समस्या को लेकर आक्रोशित थे। जिन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया गया। शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story