पुलिस ने लापता व्यापारी को सकुशल बरामद किया
फिरोजाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना जसराना पुलिस व सर्विलांस टीम ने एक सप्ताह पूर्व लापता हुए व्यापारी को बुधवार को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने व्यापारी को उसके परिजनों के सुपुर्द किया है।
थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत 11 मार्च को व्यापारी कुनाल गुप्ता अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने 11 मार्च को ही थाने पर व्यापारी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और पुलिस जांच में जुट गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज के नेतृत्व में थाना जसराना प्रभारी राजेश पांडेय व सर्विलांस टीम को व्यापारी की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए।सोशल मीडिया सेल टीम ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर व्यापक स्तर पर फोटो के साथ पैम्पलेट पोस्ट कर प्रचार प्रसार किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि व्यापारी कुनाल गुप्ता को सकुशल बरामद कर काउंसलिंग की कार्यवाही अमल में लाई गयी है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में बरामद कुनाल ने बताया है कि व्यापार में घाटा होने के चलते वह 11 मार्च को घर से चला गया था। व्यापारी को पाकर परिवारीजनों ने पुलिस टीम के कार्य की सहराना की है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

