वाराणसी के हुकुलगंज में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के हुकुलगंज में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका


वाराणसी, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज (पिपरहवा घाट) में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कुंए के अंदर रस्सी के सहारे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच-पड़ताल कर शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान हुकुलगंज निवासी इरफान शाह (24) पुत्र खुर्शीद शाह के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हुकुलगंज पिपरहवा घाट के पास स्थित कुंए में क्षेत्रीय लोग पानी निकालने के लिए पहुंचे तो पानी खींचने वाली रस्सी में एक युवक का शव लटकता देख सन्न रह गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि इरफान का विवाह नवंबर 2024 में हुआ था। उसकी एक वर्ष की बेटी है, जबकि पत्नी गर्भवती है। वरुणा नदी में आई बाढ़ के चलते परिवार सुरक्षा के लिहाज से मायके गया हुआ था। इलाके में चर्चा रही कि मंगलवार शाम को इरफान को क्षेत्र के ही कुछ आपराधिक व नशा करने वाले युवकों के साथ देखा गया था। कयास है कि बाढ़ के कारण रात में सन्नाटे का फायदा उठाकर किसी बात को लेकर उसकी हत्या की गई और मामले को दूसरा रूप देने के लिए शव कुएं में लटका दिया गया। वहीं, कुछ लोग आत्महत्या की आशंका भी जता रहे हैं। वैसे भी क्षेत्र में आई बाढ़ के कारण रात इलाके में आवागमन न के बराबर रहा। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्रीय पुलिस अफसरों के अनुसार फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर पहलू से गहनता से छानबीन जारी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story