मस्जिद में नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला मौलाना मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगी

WhatsApp Channel Join Now
मस्जिद में नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला मौलाना मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगी


फिरोजाबाद, 10 जून (हि.स.)। बच्ची के साथ मस्जिद में गलत काम करने व जान से मारने की धमकी देने वाले अभियुक्त मौलाना जाकिर हाफिज को थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने बुधवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत 7 जून की दोपहर एक नाबालिग मस्जिद में उर्दू पढ़ने गई थी। इसी दौरान वह मस्जिद में लगे ठंडे पानी के वाटर कूलर से पानी भरने के लिए गई,तभी मस्जिद में मौजूद मौलाना जाकिर हाफिज पुत्र बाबू खाँ निवासी दीदामई नूरनगर थाना रामगढ़ ने नाबालिग को अकेला देखकर उसे जबरन पकड़ लिया और मुँह दबाकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता की मां ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी रामगढ़ संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि जाकिर हाफिज अपराधी कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ना चाहा तो अभियुक्त हाफिज जाकिर ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम के ऊपर फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस व 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त है। घायल को अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story