बच्चा चाेर समझकर मानसिक विक्षिप्त महिला काे पीटा, तीन पकड़े गये

WhatsApp Channel Join Now
बच्चा चाेर समझकर मानसिक विक्षिप्त महिला काे पीटा, तीन पकड़े गये


लखनऊ, 10 नवंबर (हि.स.)। लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर पीटने के मामले में वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में कुछ व्यक्ति एक महिला के हाथ पैर बांधकर उसके साथ मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच की गई। जांच में पता चला कि महिला मूलरूप से जनपद बाराबंकी की निवासी है और मानसिक रूप से कमजोर है। वह महिला आज सुबह के समय सुगामऊ क्षेत्र में पास की झुग्गी-झोपड़ियों की ओर चली गई, जहां उसने एक छोटे बच्चे को गोद में उठा लिया। इस पर वहां मौजूद व्यक्तियों ने महिला को बच्चा चोर समझकर उसके साथ मारपीट की।

थाना पुलिस को महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है तथा वह किसी बच्चे की चोरी करने का प्रयास नहीं कर रही थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पति की लिखित तहरीर पर मामला दर्ज कर प्रकरण में प्रकाश में आए तीन व्यक्तियों हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story