भाकपा माले ने 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का किया आह्वान, चलेगा जनसंपर्क अभियान

WhatsApp Channel Join Now
भाकपा माले ने 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का किया आह्वान, चलेगा जनसंपर्क अभियान


मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र के डोहरी गांव में गुरुवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की किसान एवं मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि हड़ताल के समर्थन में छह फरवरी से मनउर गांव से जनसंपर्क व प्रचार अभियान की शुरुआत की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के कथित बुलडोजर राज के विरोध में 23 फरवरी को लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन को भी सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक के मुख्य वक्ता भाकपा माले के राज्य सचिव कॉमरेड सुधाकर यादव ने कहा कि योगी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और पीड़ितों की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने पर जीरा भारती पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि दमनकारी नीतियों के खिलाफ भाकपा माले का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

बैठक में रामकृत बियार, सोमरू पटेल, प्रभु, राधे प्रसाद, राधिका देवी, लक्ष्मी देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और आंदोलन को मजबूती देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story