गो-तस्करी का पर्दाफाश, हथियारों के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे, एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
गो-तस्करी का पर्दाफाश, हथियारों के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे, एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल


मीरजापुर, 03 मार्च (हि.स.)। जनपद में पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को हलिया थाना क्षेत्र के देवरी बाजार में पंचायत भवन के पास से पुलिस ने पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के लिए ले जाए जा रहे छह गोवंश के साथ पांच अंतरराज्यीय शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मथुरा प्रसाद बिंद व लालबहादुर राम (भभुआ, बिहार), सहलू (देवरी कला), राजेश कोल और घोप्पे (छाहुर मझिगंवा) शामिल हैं।

तलाशी में दो देशी तमंचा (.315 बोर) मय कारतूस, एक पिस्टल (.32 बोर) मय कारतूस, चापड़, चाकू, आठ इंजेक्शन और जानवरों को बेहोश करने वाली नशीली दवा बरामद हुई। बिना नंबर की पिकअप को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार सहलू मड़िहान थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अन्य आरोपियों पर भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में हलिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव व लालगंज प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह की टीम शामिल रही। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story