दो पिकअप से 11 गोवंश बरामद, दो गो-तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। विंध्याचल पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वध के लिए ले जाए जा रहे 11 गोवंशों को बरामद कर दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में शुक्रवार को थाना विंध्याचल पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गैपुरा चौराहे के पास छापेमारी की। इस दौरान दो पिकअप वाहनों को रोककर जांच की गई, जिसमें गोवंशों को क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से संजय कुमार यादव व रामू यादव निवासी रसार थाना हंडिया जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से कुल 11 गोवंश बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना विंध्याचल पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। गो-तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP 36 AT 3793 व UP 32 RN 5646 को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

