गौ सम्मान आह्वान अभियान : संताें और गौभक्तों ने निकाली संकीर्तन यात्रा, तहसीलों में सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
गौ सम्मान आह्वान अभियान : संताें और गौभक्तों ने निकाली संकीर्तन यात्रा, तहसीलों में सौंपा ज्ञापन


मीरजापुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को जिले की सभी तहसीलों में संत समाज, गौभक्तों और नागरिकों ने ज्ञापन सौंपा। देशभर की करीब 5400 तहसीलों में चल रहे इस अभियान के क्रम में जिले के सदर, लालगंज, मड़िहान और चुनार तहसील में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सदर तहसील में गौभक्तों ने संकट मोचन हनुमान मंदिर से संकीर्तन यात्रा निकाली। यात्रा वासलीगंज, गिरधर चौराहा से महुअरिया होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंची। यहां तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। अभियान के तहत सदर तहसील का नेतृत्व राज माहेश्वरी, लालगंज का चंददत्त त्रिपाठी, मड़िहान का संतोष तिवारी और चुनार का अभिषेक बजरंगी ने किया, जबकि जिला प्रभारी की जिम्मेदारी ब्रह्मदेव त्रिपाठी ने निभाई।

जिला प्रभारी ब्रह्मदेव त्रिपाठी ने बताया कि गौ संरक्षण, सेवा और सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से भेजा जा रहा है।

सदर प्रभारी राज माहेश्वरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, कृषि और पर्यावरण संतुलन में गौवंश का महत्वपूर्ण योगदान है। इस दौरान बड़ी संख्या में संत, गौभक्त और नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story