अजय राय हत्याकांड में अखंड प्रताप सिंह की जिरह पूरी, ध्रुव सिंह अदालत में पेश

WhatsApp Channel Join Now
अजय राय हत्याकांड में अखंड प्रताप सिंह की जिरह पूरी, ध्रुव सिंह अदालत में पेश


जौनपुर, 31अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में आजमगढ़ के लालगंज ब्लॉक प्रमुख अजय राय हत्याकांड में शनिवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम सुरेंद्र यादव की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपी अखंड प्रताप सिंह की जिरह पूरी हुई, जबकि कासगंज जेल से तलब किए जाने पर आरोपी ध्रुव सिंह उर्फ कुन्नू को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए छह नवंबर की निर्धारित की है।

मामले में इससे पूर्व गवाह संजय राय की अदालत में गवाही दर्ज की गई थी। संजय राय मृतक अजय राय के भाई हैं। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष तथा बचाव पक्ष के अधिवक्ता मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि दो नवंबर 2003 को सुबह करीब आठ बजे केशवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास गोली मारकर अजय राय की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भूपेंद्र कुमार सिंह, मुन्ना, अखंड प्रताप सिंह, ध्रुव सिंह उर्फ कुन्नू और अनिल यादव समेत अन्य आरोपित हैं। करीब 23 साल पुराने इस हत्याकांड की सुनवाई न्यायालय में जारी है।

पीड़ित पक्ष की ओर से मृतक के भाई संजय राय ने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि परिवार को न्याय मिलेगा। अधिवक्ता राकेश सिंह ने भी कहा कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए लगातार कानूनी प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अवधेश सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह और संजय सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770190 Articles

Share this story